विश्व दृष्टि दिवस पर रेलकर्मियों को आंखों की देखभाल के प्रति किया जागरूक
कोटा, 08 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व दृष्टि दिवस के अवसर पर गुरुवार को कोटा मंडल की ड्राइवर-गार्ड लॉबी में रेलकर्मियों के लिए नेत्र स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुपर्णा सेन रॉय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों को आंखों की देखभाल और डिजिटल स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति शुक्ला ने बदलती जीवनशैली, असंतुलित खानपान और मोबाइल तथा कंप्यूटर स्क्रीन के लगातार उपयोग से आंखों पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्क्रीन के अत्यधिक उपयोग से जुड़ी समस्याएं बड़ों के साथ बच्चों में भी देखने को मिल रही हैं।
डॉ. शुक्ला ने विश्व दृष्टि दिवस की थीम ‘लव योर आइज’ के तहत आंखों को स्वस्थ रखने के लिए 20-20-20 नियम अपनाने की सलाह दी। इसके अनुसार स्क्रीन पर काम करते समय हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए करीब 20 फीट दूर देखना चाहिए। उन्होंने मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन का अनावश्यक उपयोग कम करने, पढ़ते समय उचित दूरी बनाए रखने तथा आहार में हरी सब्जियां, गाजर और फलों को शामिल करने की सलाह दी। पर्याप्त नींद लेने पर भी जोर दिया गया।
संगोष्ठी में रेलकर्मियों को नियमित रूप से आंखों की देखभाल करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

