प्रदेशभर में आबकारी विभाग ने की 25 हजार लीटर वॉश सहित बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त

WhatsApp Channel Join Now
प्रदेशभर में आबकारी विभाग ने की 25 हजार लीटर वॉश सहित बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त


जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आबकारी विभाग की टीमों ने विभिन्न जिलों में नाकाबंदी, गश्त और दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की तथा हजारों लीटर वॉश और कई अवैध भट्टियां नष्ट कीं।

चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा और बेगूं में 1,000 लीटर वॉश नष्ट कर 15 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। बिना नंबर की मोटरसाइकिल से 62 पव्वे हथकड़ शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बीकानेर जोन में होटल-ढाबों पर कार्रवाई के दौरान 1,800 लीटर वॉश, पांच भट्टियां नष्ट की गईं तथा 27 बीयर बोतल, 54 पव्वे देशी शराब और 34 लीटर हथकड़ शराब जब्त कर सात आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया।

जयपुर ग्रामीण के चाकसू क्षेत्र में 25 हजार लीटर वॉश, 15 भट्टियां और उपकरण नष्ट किए गए तथा 70 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद हुई। वहीं केकड़ी में 200 लीटर वॉश और ब्यावर में 400 लीटर वॉश नष्ट कर हथकड़ शराब जब्त की गई। जोधपुर में संयुक्त कार्रवाई के दौरान 58 बीयर केन, 87 पव्वे देशी शराब, 19 पव्वे आईएमएफएल और चार लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई।

इसके अलावा कोटा के रामगंजमंडी में 700 लीटर वॉश और दो भट्टियां नष्ट की गईं। झुंझुनूं के चिड़ावा में 576 पव्वे अवैध शराब बरामद हुई, जबकि पाली में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर हरियाणा निर्मित बडवाइजर बीयर के 24 केन बरामद कर मामला दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story