भैरोंसिंह शेखावत का जीवन जनसेवा और सुशासन की मिसाल : वासुदेव देवनानी

WhatsApp Channel Join Now
भैरोंसिंह शेखावत का जीवन जनसेवा और सुशासन की मिसाल : वासुदेव देवनानी


जयपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरोंसिंह शेखावत की जयंती पर शुक्रवार को राजस्थान विधानसभा में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि शेखावत का जीवन समर्पण, ईमानदारी और जनसेवा की ऐसी मिसाल है, जिसे हमेशा स्मरण किया जाता रहेगा।

देवनानी ने कहा कि भैरोंसिंह शेखावत ने राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने के साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनका राजनीतिक जीवन जनकल्याण और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा। ग्रामीण विकास, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने शेखावत के सार्वजनिक जीवन को प्रेरणादायी बताते हुए उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा, ईमानदारी और सुशासन जैसे मूल्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शेखावत का जीवन इन मूल्यों के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक नरपत सिंह राजवी, स्वर्गीय शेखावत के परिजन, राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के.के. शर्मा, वरिष्ठ उप सचिव नन्द किशोर शर्मा, उप सचिव सुशील शर्मा, अलका दुआ सहित विधानसभा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री के सार्वजनिक जीवन और प्रदेश के विकास में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story