राजे की पहल : ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में पुरुषों से आग्रह कर मंच पर महिलाओं को बिठाया

WhatsApp Channel Join Now
राजे की पहल : ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में पुरुषों से आग्रह कर मंच पर महिलाओं को बिठाया


बांसवाड़ा, 08 अप्रैल (हि.स.)। ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंच पर एक अनूठी पहल करते हुए केवल महिलाओं को स्थान दिया। कार्यक्रम में मौजूद पुरुष नेताओं से उन्होंने आग्रह किया कि यह आयोजन नारी शक्ति को समर्पित है, इसलिए वे सहयोग करते हुए मंच खाली करें। इसके बाद मंच पर बैठे पुरुष नेता सामने दर्शक दीर्घा में बैठ गए और महिलाओं को मंच पर स्थान दिया गया। इस सहयोग के लिए राजे ने सभी पुरुष नेताओं का आभार भी व्यक्त किया।

भाजपा कार्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में राजे ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है और इसकी शुरुआत सर्वोच्च शक्ति की आराध्य देवी त्रिपुरा सुंदरी की पवित्र भूमि से की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के स्वाभिमान का प्रतीक है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया, जिनके नेतृत्व में वर्ष 2023 में संसद ने इस अधिनियम को मंजूरी दी। इसके तहत लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।

राजे ने महिलाओं से राजनीति को पूर्णकालिक सेवा के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि अब 33 प्रतिशत महिलाएं देश की बागडोर संभालेंगी और पुरुष घर संभालेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story