गहलोत ने की जनसुनवाई, कई लोगों ने की फरियादें

WhatsApp Channel Join Now
गहलोत ने की जनसुनवाई, कई लोगों ने की फरियादें


जोधपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर प्रवास के दौरान आज भी सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। इस दौरान कई लोगों ने उन्हें अपनी समस्याओं के ज्ञापन सौंपे। वहीं उनके स्वागत-सत्कार का दौर आज भी जारी रहा।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने आज सुबह सर्किट हाउस में आम लोगों तथा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। गहलोत गत शुक्रवार देर रात अपने गृह नगर जोधपुर पहुंचे थे। उसके बाद से ही वह लगातार आमजन से मुलाकात कर रहे है। उनसे मिलने के लिए आज भी सर्किट हाउस में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं सहित आमजन की भीड़ लगी रही। उन्होंने गहलोत का स्वागत किया। साथ ही अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन भी सौंपे।

बागोरिया गांव के दिव्यांग युवक दिनेश जाखड़ ने दिव्यांग स्कूटी वितरण योजना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री को शिकायत पत्र दिया। उनका कहना है कि पात्रता सूची में नाम होने के बावजूद उन्हें अब तक स्कूटी का लाभ नहीं मिला, जिससे उन्हें लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

दिनेश जाखड़ ने शिकायत में मांग की है कि स्कूटी वितरण प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि पात्र होने के बावजूद उन्हें योजना के लाभ से क्यों वंचित रखा गया। उन्होंने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शीघ्र स्कूटी उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story