पंचायत चुनाव परिणामों से भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू, जनता में भयंकर आक्रोश : अशोक गहलोत

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत चुनाव परिणामों से भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू, जनता में भयंकर आक्रोश : अशोक गहलोत


जोधपुर, 23 नवम्बर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को जोधपुर सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए पंचायत चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भी उम्मीद नहीं थी कि उसे इतने ज्यादा वोट मिलेंगे। प्रदेश में तीन साल के शासन के दौरान जनता में भयंकर आक्रोश पैदा हुआ है और पंचायत चुनाव के नतीजों ने भाजपा सरकार को जनता का स्पष्ट संदेश दे दिया है। गहलोत ने आरोप लगाया कि जोधपुर सहित प्रदेशभर में विकास कार्य ठप पड़े हैं और सरकार बड़ी-बड़ी बिल्डिंगों के काम तक नहीं छू पा रही है। सरकार के कामकाज और व्यवहार से जनता में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि एक साल बनाम पांच साल की बातें करने वाली भाजपा को लोकतंत्र में इतने अहंकार से काम नहीं लेना चाहिए। जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए।

गहलोत ने कहा कि चुनाव में हार के बाद भी भाजपा नेताओं के बयानों में अहंकार नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं को जनता के आक्रोश का एहसास होना चाहिए तथा जनता के सामने सिर झुकाकर अपनी गलतियां स्वीकार करनी चाहिए। चुनाव परिणाम सरकार के लिए आत्ममंथन का अवसर हैं।

सरकार को विनम्रता के साथ जनता का विश्वास जीतने और भविष्य में सुधार का संकल्प लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अहंकार से नहीं, बल्कि विनम्रता से लोगों के दिल जीते जाते हैं। गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार को भी वादों पर घेरते हुए सवाल किया कि विदेशों से काला धन लाने, हर साल दो करोड़ रोजगार देने और किसानों की आमदनी दोगुनी करने के वादों का क्या हुआ? महंगाई कम करने के बजाय लगातार बढ़ रही है और पेट्रोल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कोयला और टू-जी घोटालों को लेकर भाजपा के पुराने आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बारह साल में इन आरोपों का क्या परिणाम निकला? जनता अब सरकार के वादों, व्यवहार और कामकाज का जवाब दे रही है।

एसआईआर प्रक्रिया और वोट चोरी के आरोपों पर गहलोत ने कहा कि इस मुद्दे पर ऑल पार्टी मीटिंग बुलाकर सभी राजनीतिक दलों से चर्चा करनी चाहिए थी। वोटर लिस्ट में डबल वोट, मृत और दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के नामों की गड़बडय़िों को दूर करने पर सभी दलों की सहमति जरूरी है, लेकिन पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए तेरह करोड़ से अधिक वोट हटाने का दावा किया तथा पश्चिम बंगाल में भी मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए। गहलोत ने कहा कि हर पात्र मतदाता को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी की ओर से देशभर के गांवों में भाजपा के खिलाफ माहौल होने की बात का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान के गांवों की जनता ने पंचायत चुनाव में अपना फैसला सुना दिया है। एनडीए सरकार के व्यवहार को लेकर जनता में नाराजगी है। भाजपा को अब अहंकार छोडक़र जनता के बीच जाना चाहिए और अपनी गलतियों को स्वीकार करना चाहिए। गहलोत ने दावा किया कि पंचायत चुनाव परिणामों के साथ भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story