गहलोत बोले- ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली निकाल रही सरकार, विपक्ष के आंदोलन का जवाब रैली से देना नई परंपरा
जयपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणियों पर कहा कि वे ऐसी बातों पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझते।
गहलोत ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद की अपनी गरिमा होती है, लेकिन उनके बयानों को लोग कितनी गंभीरता से लेते हैं, यह जनता तय करती है।
गहलोत ने कहा कि देश के इतिहास में यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि सत्तारूढ़ पार्टी विपक्ष के आंदोलन और धरनों के जवाब में खुद प्रदर्शन और रैलियां कर रही है। उनके अनुसार पहले विपक्ष के आंदोलन से सरकार फीडबैक लेती थी और कमियों में सुधार का प्रयास करती थी। उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ महीनों में कांग्रेस और विपक्षी दलों के आंदोलन में अनुशासन और भाईचारा देखने को मिला है।
उन्होंने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘अराजकता हटाओ’ जैसे नारों पर भी सवाल उठाए।
गहलोत ने कहा कि विपक्ष की रैलियों को लेकर बाजार बंद होने, यातायात प्रभावित होने और व्यापारियों को परेशानी होने की बात कही जाती थी, लेकिन अब सत्तारूढ़ दल के नेता और मंत्री खुद सड़कों पर उतर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने परिसीमन को लेकर भी गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परिसीमन और एसआईआर देश के लिए बड़े मुद्दे हैं। गहलोत ने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए राजनीतिक समीकरण प्रभावित किए जा सकते हैं। राजस्थान के पंचायत और नगरीय निकाय क्षेत्रों के परिसीमन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इससे कई जगह वार्डों की संरचना बदली और इसका राजनीतिक असर पड़ा।
गहलोत ने वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव के संदर्भ में आशंका जताते हुए कहा कि यदि परिसीमन के बाद भाजपा दोबारा सत्ता में आती है तो देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं। उन्होंने चीन, रूस और उत्तर कोरिया का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां चुनाव होने के बावजूद विपक्ष की भूमिका सीमित है।
गहलोत ने भाजपा के चुनावी प्रदर्शन पर कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा को कुल पड़े मतों का करीब 31 प्रतिशत मिला था और 2024 में भाजपा अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सहयोगी दलों के समर्थन से बनी है और इसे भाजपा की पिछली पूर्ण बहुमत वाली सरकारों से अलग तरीके से देखा जाना चाहिए।
उन्होंने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मीडिया का सामाजिक सरोकार कमजोर हुआ है और दबाव के कारण सरकार की आलोचना करने से बचा जा रहा है। गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया और संस्थाओं का स्वतंत्र रहना जरूरी है।
भजनलाल सरकार के तीन साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर पूछे गए सवाल पर गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री पद की गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार की आलोचना करना है और यह आलोचना जनता के हित में होनी चाहिए। यदि विपक्ष किसी मुद्दे पर सही बात उठाता है तो सरकार को उसे स्वीकार कर सुधार का प्रयास करना चाहिए।
गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल का व्यक्तिगत रूप से सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने दीपावली पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल से बात कर शुभकामनाएं भी दी हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की राजनीतिक परंपरा में व्यक्तिगत संबंधों और पद की गरिमा का सम्मान बनाए रखना जरूरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

