विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ईडब्ल्यूएस सरलीकरण यात्रा जोधपुर पहुंची

WhatsApp Channel Join Now
विधायक रविंद्र सिंह भाटी की ईडब्ल्यूएस सरलीकरण यात्रा जोधपुर पहुंची


जोधपुर, 30 सितम्बर (हि.स.)। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ईडब्ल्यूएस आरक्षण को लेकर ईडब्ल्यूएस सरलीकरण यात्रा निकाल रहे हैं। यह यात्रा मंगलवार देर रात जोधपुर पहुंची, जहां अलग-अलग इलाकों में स्वागत किया गया। यात्रा के स्वागत के लिए हनवंत गार्डन में कार्यक्रम रखा गया, जिसमें काफी संख्या में लोग जुटे। जेसीबी से फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया गया।

भाटी की यात्रा का जिले में बिलाड़ा, पीपाड़, भोपालगढ़ से होते हुए शहर पहुंची। बनाड़ पहुंचने के बाद रास्ते में उनके समर्थकों ने स्वागत किया और रोड शो करते हुए पावटा क्षेत्र में पहुंचे। पावटा में युवाओं ने जेसीबी से फूलों की वर्षा करके उनका स्वागत किया। यात्रा के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में युवा उमड़े। हनवंत गार्डन में भाटी के स्वागत का कार्यक्रम रात 12 बजे बाद हुआ। तीन-चार घंटे देरी से पहुंचने पर भी युवा उनका इंतजार करते रहे।

यह हैं प्रमुख मांगे

रविंद्र सिंह भाटी की यह यात्रा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के आरक्षण से जुड़े नियमों में सरलीकरण और व्यावहारिक बदलाव की मांग को लेकर निकाली जा रही है। इसकी प्रमुख मांग ईडब्ल्यूएस पात्रता के लिए लागू भूमि संबंधी शर्तों की समीक्षा, राज्य और केंद्र में ईडब्ल्यूएस नियमों में समानता, प्रमाण-पत्र की वैधता अवधि बढ़ाना, राज्य में जारी ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र को केंद्रीय सेवाओं और शिक्षण संस्थानों में मान्य करना आदि है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story