ईडबल्यूएस सरलीकरण यात्रा को लेकर बीकानेर में तैयारियां तेज, पांच को राेड शाे करेंगे विधायक भाटी
बीकानेर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडबल्यूएस) के आरक्षण से जुड़े नियमों के सरलीकरण की मांग को लेकर विधायक रविन्द्र सिंह भाटी की “ ईडबल्यूएस सरलीकरण यात्रा-2” का 5 अक्टूबर को बीकानेर जिले में प्रवेश होगा। यात्रा को लेकर जिलेभर में तैयारियां तेज हैं। श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर शहर तक विभिन्न स्थानों पर स्वागत, जनसंवाद और संबोधन के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
श्री क्षत्रिय सभा, बीकानेर के अध्यक्ष करण प्रताप सिंह सिसोदिया ने पत्रकाराें काे बताया कि ईडबल्यूएस आरक्षण का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराना है। यात्रा के माध्यम से केंद्र स्तर पर ईडबल्यूएस से संबंधित आय, संपत्ति एवं दस्तावेजी प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह विषय किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से जुड़े व्यापक सामाजिक सरोकार का विषय है। राजपूत, ब्राह्मण, वैश्य, विश्नोई, राजपुरोहित, कायस्थ, खत्री, सिंधी, त्यागी सहित विभिन्न समुदायों के जरूरतमंद परिवारों के युवाओं को ईडबल्यूएस व्यवस्था का लाभ सहज रूप से मिल सके, इसके लिए नियमों के सरलीकरण की आवश्यकता है।
5 अक्टूबर को यात्रा का आगाज प्रातः 9:15 बजे श्रीडूंगरगढ़ से होगा। इसके बाद 10:15 बजे कालू, 11:15 बजे लूणकरणसर तथा दोपहर 2 बजे मोतीगढ़ स्थित करणी माता मंदिर एवं आर्मी टावर पर दर्शन, स्वागत एवं संबोधन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद यात्रा सायं 5 बजे पूगल फांटा पहुंचेगी, जहां बीकानेर शहर में प्रवेश पर स्वागत किया जाएगा। सायं 5:15 बजे गोकुल सर्किल एवं नत्थूसर गेट पर स्वागत एवं संबोधन होगा। इसके बाद सायं 6 बजे बीकानेर नगर क्षेत्र में रोड शो प्रस्तावित है। यात्रा का समापन चरण सायं 7 बजे जूनागढ़ के बाहर संबोधन के साथ होगा। यात्रा के अगले दिन 6 अक्टूबर को करणी माता जी के दर्शन के बाद मुक्तिधाम मुकाम में गुरु जंभेश्वर जी के पावन चरणों में वंदन-नमन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके पश्चात नोखा में विशाल जनसभा को संबोधित किया जाएगा।
बीकानेर बार एसाेसिएशन के अध्यक्ष एडवाेकेट अजय कुमार पुराेहित के अनुसार यात्रा को लेकर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और कस्बों में कार्यकर्ताओं एवं आमजन के बीच तैयारियां चल रही हैं। विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार, नागरिक अभिनंदन और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य ईडबल्यूएस व्यवस्था से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों और विसंगतियों को सामने लाकर उनके समाधान की मांग को मजबूती देना है। उन्होंने सर्व समाज से सहयोग और सहभागिता की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

