एयू जयपुर साइक्लोथॉन में उमड़ा उत्साह: हजारों लोगों ने दिया फिटनेस और ग्रीन मोबिलिटी का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
एयू जयपुर साइक्लोथॉन में उमड़ा उत्साह: हजारों लोगों ने दिया फिटनेस और ग्रीन मोबिलिटी का संदेश


एयू जयपुर साइक्लोथॉन में उमड़ा उत्साह: हजारों लोगों ने दिया फिटनेस और ग्रीन मोबिलिटी का संदेश


एयू जयपुर साइक्लोथॉन में उमड़ा उत्साह: हजारों लोगों ने दिया फिटनेस और ग्रीन मोबिलिटी का संदेश


जयपुर, 07 जून (हि.स.)। फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सतत परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित एयू जयपुर साइक्लोथॉन-2026 में रविवार को हजारों साइक्लिस्ट, फिटनेस प्रेमी, विद्यार्थी, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन जयपुर की सबसे बड़ी साइक्लिंग पहलों में शामिल रहा, जिसने स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया। इसके साथ ही सप्ताहभर चले जागरूकता अभियान का भी समापन हुआ।

संस्कृति युवा संस्था, जयपुर रनर्स क्लब एवं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एंड रिसर्च (आईआईईएमआर) की ओर से एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और इटरनल हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित साइक्लोथॉन में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का आयोजन महावीर पब्लिक स्कूल सी-स्कीम, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक मानसरोवर, वैशाली नगर, मालवीय नगर और विद्याधर नगर सहित शहर के विभिन्न केंद्रों से किया गया।

इस कार्यक्रम को आयकर आयुक्त शैलेन्द्र शर्मा, आरपीएफ की आईजी ज्योति सतीजा, एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के हेड ऑफ स्वदेश बैंकिंग मास्टर जी सुल्तान राम, इटरनल हॉस्पिटल के चेयरमैन एवं इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. संजीव शर्मा, एनएवी इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट (फाइनेंस) समीर गांधी, जयपुर रनर्स क्लब के अध्यक्ष प्रवीण तिजारिया, सह-संस्थापक रवि गोयनका, सिटीवाइब्स के चेयरमैन राजेश अग्रवाल, इवेंट कमेटी चेयरमैन सुधीर जैन, इवेंट डायरेक्टर कैप्टन शशि किरण तथा आईआईईएमआर के प्रबंध निदेशक मुकेश मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आयकर आयुक्त शैलेन्द्र शर्मा ने कहा कि साइक्लोथॉन को मिली व्यापक भागीदारी नागरिकों में स्वस्थ जीवनशैली और सतत विकास के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि साइक्लिंग प्रदूषण कम करने, जनस्वास्थ्य सुधारने और हरित शहरों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। वहीं आरपीएफ की आईजी ज्योति सतीजा ने कहा कि यह आयोजन फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ने वाला जनआंदोलन बन चुका है।

आईआईईएमआर के प्रबंध निदेशक मुकेश मिश्रा ने बताया कि सप्ताहभर चले अभियान के तहत विश्व साइकिल दिवस पर सस्टेनेबल मोबिलिटी विषयक टॉक शो, विश्व पर्यावरण दिवस पर मेगा पौधारोपण अभियान, बीआईबी एक्सपो और साइक्लिंग अवॉर्ड्स समारोह जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का समापन भव्य साइक्लोथॉन के साथ हुआ।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, साइक्लिंग संस्कृति को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण का समर्थन करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। आयोजकों ने बताया कि अभियान में शैक्षणिक संस्थानों, कॉर्पोरेट संगठनों, साइक्लिंग समूहों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली साइक्लिंग अभियानों में से एक बन गया।

आयोजकों ने एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, इटरनल हॉस्पिटल, एनएवी इंडिया, सिटीवाइब्स, सहयोगी संस्थाओं, स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों का आयोजन को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story