जनगणना कार्य में सुनिश्चित करें अपनी ऑनलाइन स्व-गणना

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना कार्य में सुनिश्चित करें अपनी ऑनलाइन स्व-गणना


श्रीगंगानगर, 05 मई (हि.स.)। साप्ताहिक समीक्षा बैठक मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य जिले में 1 मई 2026 से प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने आमजन तथा सभी अधिकारी-कर्मचारियों से अपनी जनगणना विवरणी ऑनलाइन भरने की अपील की।

जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि स्व-गणना हेतु निर्धारित वेब पोर्टल 1 मई से 15 मई 2026 तक आमजन के लिए उपलब्ध रहेगा। इस सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नागरिक स्वयं पोर्टल https://se.census.gov.in पर अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकते हैं। सफल पंजीकरण के बाद “एच” से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशिष्ट एसई आईडी जारी की जाएगी। प्रक्रिया के तहत राज्य चयन, ओटीपी सत्यापन, परिवार विवरण भरना और डिजिटल मानचित्र पर निवास स्थान चिन्हित करना शामिल है। अंतिम सबमिशन के बाद डेटा लॉक हो जाएगा। बैठक में नहरबंदी के दौरान पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने जलदाय विभाग को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने तथा दूरस्थ क्षेत्रों की निरंतर मॉनिटरिंग करने को कहा।

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों को बारदाना वितरण, उठाव के बाद भुगतान सहित सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और मंडियों में छाया, पेयजल जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

जिला कलेक्टर ने बजट घोषणाओं के कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए ग्राम रथ अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी दें और ग्रामीणों को लाभान्वित करें।

बैठक में एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ गिरधर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story