इंजीनियर जादूगर मनोज कौशिक को मिला ‘ताज जादू श्री 2026’ सम्मान
बीकानेर, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय जादू सम्मेलन में बीकानेर के इंजीनियर जादूगर मनोज कौशिक को जादू के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘ताज जादू श्री 2026’ अवार्ड से सम्मानित किया गया।
ताज मैजिक सोसायटी द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से 100 से अधिक जादूगरों ने भाग लिया। राजस्थान से भी 10 से 12 जादूगरों ने सम्मेलन में सहभागिता की। कार्यक्रम में जादू प्रतियोगिता, जादू प्रदर्शन एवं जादू की विभिन्न विधाओं पर कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
सम्मेलन में भारत की एकमात्र ई-जादू पत्रिका ‘मायावी दुनिया’ के संस्थापक एवं प्रकाशक जादूगर राय, जयपुर तथा पत्रिका के मानद संपादक इंजीनियर जादूगर मनोज कौशिक, बीकानेर भी उपस्थित रहे।
समारोह में इंजीनियर जादूगर मनोज कौशिक एवं जादूगर अजूबा को ‘ताज जादू श्री 2026’ से सम्मानित किया गया। वहीं करणपुर के प्रसिद्ध जादूगर सम्राट शंकर को जादू के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किया गया। मनोज कौशिक को मिले इस सम्मान से बीकानेर के जादू एवं कला जगत में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि बीकानेर के लिए गौरव का विषय है और उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बीकानेर का मान बढ़ाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

