जयपुर में 18 मई को जुटेंगे प्रदेशभर के कर्मचारी नेता:  सरकार के खिलाफ बनेगी रणनीति

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर में 18 मई को जुटेंगे प्रदेशभर के कर्मचारी नेता:  सरकार के खिलाफ बनेगी रणनीति


जयपुर, 12 मई (हि.स.)। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) की प्रदेश स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आगामी 18 मई को जयपुर स्थित गवर्नमेंट प्रेस कार्यालय में आयोजित होगी। बैठक में राज्य सरकार द्वारा कर्मचारी मांगों की लगातार अनदेखी किए जाने के विरोध में प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ और प्रदेश महामंत्री मोहनलाल शर्मा ने संयुक्त बयान में बताया कि राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (आरजीएचएस) में आ रही लगातार समस्याओं और समर्पित अवकाश (सरेंडर लीव) के भुगतान पर लगी अघोषित रोक से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में महासंघ के आह्वान पर प्रदेशभर में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर आरजीएचएस की विसंगतियों तथा समर्पित अवकाश भुगतान नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन भी किया था।

महामंत्री मोहनलाल शर्मा ने कहा कि बजट घोषणाओं के बावजूद पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए हैं। साथ ही संविदा कर्मचारियों को नियमित करने के लिए अनुभव में दो वर्ष की छूट, ठेका कार्मिकों के लिए आरएमएलसीएल गठन सहित महासंघ के 25 सूत्रीय मांगपत्र पर अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विभिन्न कर्मचारी संगठनों की लंबित मांगों पर भी गंभीरता नहीं दिखा रही, जो कर्मचारी विरोधी सोच को दर्शाता है।

बैठक में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी संघर्ष और आंदोलन के चरणों की घोषणा भी की जाएगी। महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने समय रहते वार्ता के जरिए समाधान नहीं निकाला तो कर्मचारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story