एलीट मिस राजस्थान सीजन-13 का पहला ऑडिशन में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
एलीट मिस राजस्थान सीजन-13 का पहला ऑडिशन में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा


जयपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान के प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट एलीट मिस राजस्थान सीजन-13 (2026) का पहला ऑडिशन जयपुर स्थित प्रतिष्ठा बैंक्वेट में भव्य रूप से आयोजित किया गया। ऑडिशन में पूरे राजस्थान से 500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में युवतियों की भागीदारी से आयोजन स्थल पर खासा उत्साह देखने को मिला।

ऑडिशन में शामिल प्रतिभागियों में डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए), पत्रकारिता और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही युवतियां भी शामिल थीं। सभी प्रतिभागियों में एलीट मिस राजस्थान का खिताब हासिल करने को लेकर जबरदस्त उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिभा देखने को मिली।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए भारत 24 के सीईओ डॉ. जगदीश चंद्र मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रतिभागियों को आगे बढ़ने, आत्मविश्वास बनाए रखने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर शगुन ग्रुप के जे.डी. माहेश्वरी, सफारी ग्रुप के एमडी पवन गोयल, पी.एन. डूडी, गिर्राज जी, ए.जे. मॉडलिंग के अजय नायर सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। वहीं सुपरमॉडल आकांक्षा, तनु, मिताली, वरुणवि, शीना, निशा चौहान, मुस्कान मिश्री सहित एलीट मिस राजस्थान की वर्ष 2025 की विजेता देबोस्मिता, पारुल, ज्योति, इशमीत, शगुन भारद्वाज, नीलांजना, नैना परमार और सृष्टि सहित 50 से अधिक एलीट मॉडल्स ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान एक्स नेल के सीईओ की ओर से सभी प्रतिभागियों को गिफ्ट हैंपर प्रदान किए गए।

उल्लेखनीय है कि एलीट मिस राजस्थान प्रदेश का एक बड़ा ब्यूटी पेजेंट है, जिसकी खासियत यह है कि इसमें प्रतिभागियों से किसी प्रकार का रजिस्ट्रेशन या प्रतियोगिता शुल्क नहीं लिया जाता। शो के फाउंडर एवं डायरेक्टर गौरव गौर ने बताया कि पहले ऑडिशन में प्रतिभागियों की संख्या उम्मीद से कहीं अधिक रही। युवतियों के भारी उत्साह और बढ़ती भागीदारी को देखते हुए जल्द ही जयपुर में एक और ऑडिशन आयोजित किया जाएगा, ताकि ऑडिशन में शामिल होने से वंचित रह गई प्रतिभागियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770764 Articles

Share this story