फॉल्ट ठीक करते समय करंट से लाइनमैन की मौत पर हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
फॉल्ट ठीक करते समय करंट से लाइनमैन की मौत पर हंगामा


उदयपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर जिले के डबोक थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम बिजली लाइन में फॉल्ट ठीक करते समय हुए भीषण हादसे में एक लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने देर रात तक अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बाद में ठेकेदार द्वारा 7 लाख रुपए मुआवजा देने पर सहमति बनने के बाद मामला शांत हुआ।

पुलिस के अनुसार धुणीमाता निवासी 42 वर्षीय लाइनमैन शौकत शेख गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे तुलसीदासजी की सराय क्षेत्र में 11 केवी बिजली लाइन में आए फॉल्ट को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। बताया जा रहा है कि काम शुरू करने से पहले लाइन को जीएसएस से शटडाउन कर दिया गया था। इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई और तेज धमाके के साथ शौकत शेख करंट की चपेट में आ गया।

करंट लगने से शरीर बुरी तरह झुलस गया और वह पोल से नीचे गिर पड़ा। हादसे में एक पैर भी पूरी तरह टूट गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में डबोक अस्पताल पहुंच गए और अस्पताल परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बिजली विभाग और ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने मांग की कि ठेकेदार को मौके पर बुलाया जाए और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।

देर रात करीब 1 बजे तक अस्पताल के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। इस दौरान मावली तहसीलदार, डबोक थानाधिकारी गोपाल नाथ और प्रतापनगर के एक्सईएन राकेश करण मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की। शुक्रवार सुबह भी ग्रामीण फिर से अस्पताल के बाहर एकत्रित हो गए। करीब एक घंटे तक चले विरोध के बाद ठेकेदार द्वारा मृतक के परिजनों को 7 लाख रुपए मुआवजा देने पर सहमति बनी, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि हादसे के दूसरे दिन भी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि जब लाइन बंद थी तो आखिर बिजली सप्लाई किसने चालू की। इस संबंध में पूछे जाने पर एक्सईएन राकेश करण ने कहा कि यह जांच का विषय है और उच्चाधिकारियों द्वारा इसकी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही जिम्मेदारी तय हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story