अजमेर नगर निगम चुनाव में 340 प्रत्याशी मैदान में, निर्दलीयों को मिले चुनाव चिह्न

WhatsApp Channel Join Now
अजमेर नगर निगम चुनाव में 340 प्रत्याशी मैदान में, निर्दलीयों को मिले चुनाव चिह्न


अजमेर नगर निगम चुनाव में 340 प्रत्याशी मैदान में, निर्दलीयों को मिले चुनाव चिह्न


अजमेर, 04 सितंबर (हि.स.)। अजमेर नगर निगम चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। चुनाव चिह्न मिलते ही प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया। भाजपा और कांग्रेस भी बागी प्रत्याशियों को मनाने तथा निर्दलीयों का समर्थन हासिल करने में जुटी हैं।

अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा। वर्तमान में कुल 340 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 79, कांग्रेस के 77 और 184 निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। कांग्रेस के 47 और भाजपा के 19 बागी प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।

अजमेर दक्षिण के वार्ड संख्या 52 से भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं पूर्व भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सीमा गोस्वामी के पुत्र दीपक गोस्वामी ने मां की जीत तक चप्पल नहीं पहनने का संकल्प लिया है। वह शुक्रवार को चुनाव चिह्न लेने भी नंगे पैर चुनाव कार्यालय पहुंचे।

वार्ड संख्या 4 से निर्दलीय प्रत्याशी और पूर्व महापौर धर्मेंद्र गहलोत की पत्नी हेमा गहलोत को गुब्बारा चुनाव चिह्न मिला है। हेमा गहलोत ने कहा कि उन्हें पति धर्मेंद्र गहलोत और पूर्व पार्षद ज्ञान सारस्वत का समर्थन प्राप्त है। इस वार्ड से भाजपा ने मोनिका जैन को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने प्रत्याशी नहीं उतारा है।

वार्ड संख्या 52 से कांग्रेस की बागी प्रत्याशी बीना टांक को सेब चुनाव चिह्न मिला। वहीं वार्ड संख्या 27 से कांग्रेस के बागी एवं पूर्व पार्षद श्रवण टोनी को भी सेब चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। वार्ड संख्या 17 से कांग्रेस की बागी पूर्व पार्षद हितेश्वरी टांक को अलमारी, जबकि वार्ड संख्या 1 से निर्दलीय प्रत्याशी बनवारी लाल को चप्पल और ओमप्रकाश को गुब्बारा चुनाव चिह्न मिला।

शुक्रवार सुबह से चुनाव कार्यालय में चुनाव चिह्न लेने के लिए प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ रही। प्रत्याशियों को सिलाई मशीन, बांसुरी, बाल्टी, अलमारी, गुब्बारा, चप्पल, सेब और मोती की माला सहित विभिन्न चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। चुनाव चिह्न मिलने के साथ ही प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story