धुएं से दम घुटने से बुजुर्ग की मौत, खाट भी जली

WhatsApp Channel Join Now
धुएं से दम घुटने से बुजुर्ग की मौत, खाट भी जली


उदयपुर, 05 मार्च (हि.स.)। उदयपुर जिले के पानरवा थाना क्षेत्र में आग की धुआं से दम घुटने के कारण एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना में खाट में आग लगने से उनका शरीर भी झुलस गया। सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और कमरे से जलने की गंध आने पर परिजनों व पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली।

पानरवा थानाधिकारी भागीरथ बुंदेला ने बताया कि मृतक की पहचान भैरूलाल वाल्मीकि (65) निवासी कथौड़ी कॉलोनी के रूप में हुई है। प्रारम्भिक जांच में सामने आया कि भैरूलाल बुधवार को दिनभर शराब के नशे में था। शाम को घर लौटने पर किसी बात को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हो गया। इसके बाद वह गुस्से में कमरे की कुंडी अंदर से लगाकर खाट पर सो गया।

बताया जा रहा है कि रात में ठंड से बचने के लिए उसने खाट के पास सुलगती हुई अंगीठी या तगारी रख ली थी। कमरा अंदर से बंद होने के कारण आग से निकला धुआं पूरे कमरे में भर गया। नशे में होने से उसे संभलने का मौका नहीं मिला और दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसी दौरान अंगीठी से निकली चिंगारी से खाट में भी आग लग गई, जिससे उसका शरीर झुलस गया। सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खिड़की तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां भैरूलाल का शव झुलसी हुई अवस्था में खाट पर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story