पुलिसकर्मी बनकर पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर बुजुर्ग से 5 लाख की साइबर ठगी

WhatsApp Channel Join Now
पुलिसकर्मी बनकर पुलिस कार्रवाई का डर दिखाकर बुजुर्ग से 5 लाख की साइबर ठगी


जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। जवाहर सर्किल थाना इलाके में साइबर ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर 68 वर्षीय बुजुर्ग को वीडियो कॉल पर धमकाया और उसके बैंक खाते से करीब 5 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित इलाज के लिए जयपुर आया था और रॉयल एम्पोरियल होटल में ठहरा हुआ था। ठगी के बाद पीड़ित ने जवाहर सर्किल थाने में मामला दर्ज कराया है।

थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर ने बताया कि अंधेरी वेस्ट, मुंबई निवासी जयंत नारायण (68) इलाज के सिलसिले में जयपुर आए थे। वे 10 सितंबर को रॉयल एम्पोरियल होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान उनके मोबाइल नंबर पर वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और बुजुर्ग को धमकाना शुरू कर दिया।

आरोपी ने जयंत नारायण से कहा कि उनके बैंक खाते में मौजूद रकम बताए गए खाते में जमा कराएं, अन्यथा उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार्रवाई के डर से बुजुर्ग दबाव में आ गए। ठगों ने उन्हें डरा कर उनके बैंक खाते से करीब 5 लाख रुपए अपने बताए खाते में ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस वीडियो कॉल करने वाले मोबाइल नंबर, जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर हुई उसकी जानकारी और लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाल रही है। पुलिस इन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story