अल नीनो के असर से राजस्थान में इस बार कमजोर रह सकती है सर्दी

WhatsApp Channel Join Now
अल नीनो के असर से राजस्थान में इस बार कमजोर रह सकती है सर्दी


जयपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में इस बार सर्दी का असर अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार नवंबर में प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस तक अधिक रह सकता है। प्रशांत महासागर में मजबूत अल नीनो की स्थिति और इसके दिसंबर तक बने रहने की संभावना को इसके प्रमुख कारणों में माना जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अल नीनो के प्रभाव से पश्चिमी विक्षोभ की आवृत्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी कम होने की संभावना रहती है।

प्रदेश के 22 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। हालांकि, दिन का तापमान औसत से अधिक बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के नवंबर के पूर्वानुमान में राजस्थान सहित दक्षिण-पश्चिमी और उत्तरी भारत के कई राज्यों में सामान्य से अधिक तापमान रहने के संकेत दिए गए हैं।

जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रशांत महासागर में अल नीनो और हिंद महासागर में इंडियन ओशन डाइपोल की स्थिति तटस्थ है। इन मौसमी परिस्थितियों का प्रभाव मानसून के साथ मानसून के बाद के मौसम और आगामी सर्दियों में भी देखने को मिल सकता है। राजस्थान में नवंबर के दौरान सामान्य से अधिक तापमान और कम बारिश होने की संभावना है।उन्होंने बताया कि अल नीनो का वैश्विक पवन परिसंचरण पर प्रभाव पड़ता है। इससे पश्चिमी विक्षोभ की आवृत्ति प्रभावित हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ की संख्या और उनकी तीव्रता का सीधा संबंध उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम से रहता है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान सहित उत्तर और मध्य भारत में सर्दी का प्रमुख कारक पश्चिमी विक्षोभ है। इनके सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होती है। वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित मैदानी राज्यों में बारिश होने से नमी बढ़ती है और तापमान में गिरावट आती है। इससे सर्दी का असर तेज होता है।

राजस्थान में दिसंबर और जनवरी के दौरान माउंट आबू, फतेहपुर सहित कई इलाकों में तापमान जमाव बिंदु यानी शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। पिछले सर्दी के मौसम में जनवरी में माउंट आबू में न्यूनतम तापमान माइनस पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। नागौर और फतेहपुर में भी तापमान शून्य से नीचे चला गया था। इस बार पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियों और तापमान की स्थिति पर सर्दी का असर निर्भर करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story