जोधपुर सहित 18 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार होगा अमृत जनसंवाद

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर सहित 18 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार होगा अमृत जनसंवाद


जोधपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के अंतर्गत 22 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से जोधपुर सहित मंडल के 18 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अमृत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेल यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं स्वच्छता संबंधी अपेक्षाओं को जानना तथा यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

मंडल के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जोधपुर, भगत की कोठी, जैसलमेर, बाड़मेर, नागौर, मेड़ता रोड, नोखा, डेगाना, सुजानगढ़, मकराना, बालोतरा, जालोर, मारवाड़ भीनमाल, रामदेवरा, फलोदी, देशनोक, डीडवाना एवं रेन रेलवे स्टेशनों पर नामित अधिकारियों की उपस्थिति में अमृत जनसंवाद आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी संबंधित स्टेशन अधीक्षकों के समन्वय से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों से स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं से संबंधित समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की जाएगी।

यात्रियों से प्राप्त सुझावों के माध्यम से सुविधाओं में सुधार एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही यात्रियों को स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ रेल वातावरण बनाने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story