आठ और स्लीपर बसों को किया जब्त

WhatsApp Channel Join Now
आठ और स्लीपर बसों को किया जब्त


जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का जांच अभियान जारी

जोधपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर चलाए जा रहे राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान के दौरान जोधपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आज भी स्लीपर बसों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर आठ बसों को जब्त किया गया और बसों के चालान भी किए गए। इससे पहले भी आठ बसों को जब्त किया गया था।

जांच में पता चला कि स्लीपर बसों में एआईएस-119 के प्रावधानों की पालना नहीं की जा रही। वाहनों में पर्याप्त इमरजेंसी गेट नहीं मिले, बैठक क्षमता में बदलाव किया गया। साथ ही बसों के पीछे चैसिस काटकर नियम विरूद्ध बनाए लगेज स्पेस, छत पर लगेज कैरियर मिले। वहीं बसों में लगे स्लीपर की लंबाई और फर्श से ऊंचाई निर्धारित मापदंडों के अनुसार नहीं मिले। इस पर इन बसों को जब्त कर इनके चालान किए गए।

कार्रवाई के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर महानगर के सचिव राकेश रामावत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जोधपुर जिला के सचिव डॉ. मनीष हरजाई, न्यायिक मजिस्ट्रेट (मोबाइल) जोधपुर महानगर दिलीप चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण भोपाल सिंह लखावत, जिला परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जोधपुर छगललाल मालवीय, परिवहन निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह व मोहम्मद फिरोज, पुलिस निरीक्षक गंगाराम तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट (मोबाइल) जोधपुर महानगर की उडऩदस्ता टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story