अकीदत व ऐहतराम के साथ मनाया ईदुल अजहा पर्व

WhatsApp Channel Join Now
अकीदत व ऐहतराम के साथ मनाया ईदुल अजहा पर्व


जोधपुर, 28 मई (हि.स.)। पैगम्बर हजरत इब्राहिम अलैहस्सलाम के बलिदान एवं मजहबे इस्लाम के पांचवे रूक्न की याद में गुरुवार को ईदुल अजहा (बकरीद) पर्व पारंपरिक तरीके से अकीदत व ऐहतराम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ईदगाह व मस्जिदों में सामूहिक नमाज हुई। नमाज के बाद देश-दुनिया में अमनों-चैन, शांति कायम रखने की दुआ की गई। इसके बाद एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी गई और फिर अल्लाह की राह में कुर्बानी का दौर शुरू हुआ।

जालोरी गेट स्थित बड़ी ईदगाह में आध्यात्मिक इस्लामी संस्थान दारूल उलूम इस्हाकिया के सरपरस्त मुफ्ती-ए-आजम राजस्थान शेर मोहम्मद रिजवी की निगरानी तथा शहर खतीब काजी मोहम्मद तैयब अंसारी की मौजूदगी में ईदगाह मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मोहम्मद हुसैन अशरफी ने मुख्य नमाज़ अदा करवाई और देश व प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी सौहार्द की दुआ की। इस दौरान मुफ्ती-ए-आजम राजस्थान शेर मोहम्मद रिजवी ने कहा कि कुर्बानी का वास्तविक उद्देश्य केवल जानवर ज़बह करना नहीं, बल्कि इंसान के भीतर मौजूद अहंकार, लालच, नफरत और बुराइयों को त्यागकर अल्लाह की रज़ा और इंसानियत की भलाई के रास्ते पर चलना है।

यह पर्व हजऱत इब्राहीम अलैहिस्सलाम और हजऱत इस्माइल अलैहिस्सलाम की महान कुर्बानी की याद दिलाता है, जिसने दुनिया को यह पैगाम दिया कि सच्चा इंसान वही है जो सत्य, ईमान और मानवता के लिए हर त्याग करने को तैयार रहे। इस दौरान मारवाड़ की गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी सद्भाव की परंपरा को कायम रखते हुए जोधपुर नगर निगम तथा पूर्व नरेश गजसिंह की ओर से ईदगाह मस्जिद के पेश इमाम मौलाना मोहम्मद हुसैन अशरफी और शहर खतीब काजी मोहम्मद तैयब अंसारी का मारवाड़ी साफा, गुलपोशी और शुभकामना संदेश देकर इस्तकबाल किया गया।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का शांति, प्रेम और सौहार्द का संदेश भी पढक़र सुनाया गया। ईदुल अज़्हा के अवसर पर पूर्व विधायक मनीषा पंवार, समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता इकबाल खान, भाजपा अल्पसंख्यक नेता मोहम्मद युसूफ चौधरी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश जोशी, कार्यवाहक शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज बाल किशन, पूर्व पार्षद परवीन इलियास मोहम्मद, उमर चौहान, अब्दुल हमीद, सहित अनेक गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

अन्य मस्जिदों में नमाज अदायगी

वहीं शहर की सभी अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई और नमाज के बाद एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद भी दी गई। कुर्बानी के लिए बकरों की खरीद का दौर आज भी जारी रहा। उपनगरीय क्षेत्र गंगाणा रोड स्थित चौखा में लगी अस्थाई बकरामंडी में बकरों की खरीद फरोख्त का क्रम जारी रहा। कुर्बानी का दौर तीन दिन तक चलता है। वहीं नई सडक, घंटाघर, त्रिपोलिया बाजार, कटला बाजार, सरदारपुरा बी और सी रोड सहित विभिन्न मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।

सुरक्षा के रहे कड़े बंदोबस्त

ईद को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। वहीं जालोरी गेट सर्कल के चारों तरफ बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरे में लिया गया। भीतरी शहर के अलावा जालोरी गेट, मुख्य ईदगाह और शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। वहीं सोशल मीडिया पर भी गोपनीय तरीके से नजर रखी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से हर जगह पुलिसकर्मियों को सादे वस्त्रों में भी तैनात किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story