स्कूल-कॉलेजों में मनाया पृथ्वी दिवस
जोधपुर, 22 अपै्रल (हि.स.)। शहर में स्कूल-कॉलेजों सहित कई स्थानों पर बुधवार को अर्थ डे (पृथ्वी दिवस) विभिन्न गतिविधियों के साथ मनाया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत कृषि महाविद्यालय जोधपुर में पृथ्वी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पृथ्वी दिवस के मौके पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो वीरेंद्र सिंह जैतावत धरा को प्रदूषण मुक्त, स्वच्छ और हरित पृथ्वी के निर्माण का संकल्प लेने व पृथ्वी की सुरक्षा के लिए सामूहिक कदम उठाने का संदेश दिया। महाविद्यालय में कार्यक्रम की अध्यक्षता डीन एवं फैकल्टी चेयरमैन डॉ. जे. आर. वर्मा ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एस.के. मूंड, निदेशक, शिक्षा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण कर विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
वहीं केन्द्रीय संचार ब्यूरो जोधपुर द्वारा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान व राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान जोधपुर के सहयोग से आईटीआई संस्थान परिसर के सभाकक्ष में विश्व पृथ्वी दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए संस्थान के उप निदेशक कृष्णमोहन जॉगिड़ ने बताया कि 22 अप्रैल का दिवस सम्पूर्ण विश्व में पृथ्वी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उदेश्य जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा पर ध्यान केंद्रीत करना है। उन्होने बताया कि इस वर्ष की हमारी थीम हमारी शक्ति, हमारा ग्रह है। इस अवसर पर राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान जोधपुर के सहायक निदेशक बीपी धामी ने विश्व पृथ्वी दिवस एवं कौशल, रोजगार इत्यादि के बारे में आमजन को संक्षिप्त जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का संचालन केन्द्रीय संचार ब्यूरो क्षेत्रीय कार्यालय जोधपुर के केआर सोनी ने किया। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, जोधपुर द्वारा विद्यार्थियों के बीच मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा सफल प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

