उदयपुर में खड़ी गाड़ियों के कटे दूसरे जिलों में ई-चालान

WhatsApp Channel Join Now
उदयपुर में खड़ी गाड़ियों के कटे दूसरे जिलों में ई-चालान


उदयपुर, 11 मई (हि.स.)। उदयपुर में घर पर खड़ी गाड़ियों के दूसरे जिलों में ट्रैफिक नियम तोड़ने के ई-चालान आने के मामले सामने आने से वाहन मालिकों में चिंता बढ़ गई है। जोधपुर, राजसमंद और चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा भेजे गए ई-चालानों में ओवरस्पीड और नो-पार्किंग जैसे आरोप लगाए गए हैं, जबकि संबंधित वाहन उदयपुर में ही खड़े बताए जा रहे हैं।

शहर के कलड़वास स्थित रानी जी की बाड़ी निवासी सरकारी स्कूल शिक्षिका ललिता मेनारिया को 9 मई को जोधपुर ग्रामीण पुलिस का ई-चालान प्राप्त हुआ। चालान में उल्लेख था कि 23 अप्रैल 2026 को शाम 4:23 बजे उनकी कार जोधपुर में ओवरस्पीड से चल रही थी, जिस पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। उस समय शिक्षिका स्कूल में पढ़ा रही थीं और उनकी गाड़ी घर पर खड़ी थी।

महिला के पति कैलाश मेनारिया ने बताया कि ई-चालान में लगी तस्वीर उनकी कार की भी नहीं है। फोटो में दिखाई गई कार दूसरी कंपनी की है। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से अपनी कार लेकर जोधपुर गए ही नहीं।

इसी तरह हिरणमगरी सेक्टर-3 निवासी प्रभुलाल सोमानी को राजसमंद पुलिस की ओर से नो-पार्किंग का चालान भेजा गया। मैसेज 7 मई की शाम मिला, जबकि चालान में उल्लंघन की तारीख अगले दिन 8 मई सुबह 3:56 बजे दर्ज थी। सोमानी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि सिस्टम इतना तेज हो गया कि अगले दिन का चालान एक दिन पहले ही भेज दिया गया।

वहीं मॉडर्न कॉम्प्लेक्स निवासी व्यवसायी प्रमोद खाब्या की कार का चित्तौड़गढ़ में ओवरस्पीडिंग का एक हजार रुपए का चालान काटा गया, जबकि वाहन उदयपुर स्थित घर की पार्किंग में खड़ा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी वाहन मालिक को गलत ई-चालान प्राप्त होता है तो वह 15 दिनों के भीतर शिकायत दर्ज करा सकता है। ई-चालान मैसेज में शिकायत दर्ज कराने का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story