डीवाईएसपी दिलीप सिंह ने अखिल भारतीय पुलिस टेनिस में रचा इतिहास
जयपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस दूरसंचार जोधपुर रेंज में तैनात उप अधीक्षक पुलिस दिलीप सिंह ने हाल ही में नई दिल्ली के प्रतिष्ठित आर. के. खन्ना स्टेडियम में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस लॉन टेनिस प्रतियोगिता 2025-26 में सिल्वर मेडल जीतकर विभाग का मान बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद सिंह ने जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा से शिष्टाचार भेंट की।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने दिलीप सिंह की इस शानदार सफलता पर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई दी और उनकी पीठ थपथपाई। डीजीपी ने इस अवसर पर कहा कि अखिल भारतीय पुलिस टेनिस प्रतियोगिता के इतिहास में राजस्थान पुलिस के किसी अधिकारी द्वारा प्राप्त किया गया यह अब तक का पहला पदक है। उन्होंने इस जीत को पुलिस विभाग की उत्कृष्ट खेल भावना और कड़े अनुशासन का प्रतिफल बताते हुए इसे पूरे महकमे के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण करार दिया।
उल्लेखनीय है कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा 24 से 28 मार्च 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश भर की पुलिस बलों ने हिस्सा लिया था। दिलीप सिंह ने ओपन डबल्स इवेंट के कड़े मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
दिलीप सिंह टेनिस के मैदान पर लगातार अपनी जीत का परचम लहरा रहे हैं। इस राष्ट्रीय पदक को हासिल करने से पूर्व वे राजस्थान राज्य सिविल सेवा के अंतर्गत आयोजित 10वीं (2024-25) एवं 11वीं (2025-26) सी.एस. चैलेंजर कप टेनिस प्रतियोगिता में भी लगातार दो बार विजेता रह चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

