राजस्थान को विश्व पर्यटन का सिरमौर बनाने का लक्ष्य, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान को विश्व पर्यटन का सिरमौर बनाने का लक्ष्य, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश


जयपुर, 03 जून (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राजस्थान को विश्व पर्यटन मानचित्र पर नंबर वन डेस्टिनेशन बनाने का संकल्प दोहराते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और परिणामोन्मुख कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पर्यटन परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि राजस्थान वैश्विक पर्यटन जगत में नई पहचान स्थापित कर सके।

बुधवार को पर्यटन भवन में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग की विभिन्न योजनाओं, प्रचार रणनीतियों और विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, पर्यटन सचिव शुचि त्यागी, पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान पर्यटन की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक ब्रांडिंग और मार्केटिंग की जाए। उन्होंने घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए रोड शो, डिजिटल प्रचार और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। साथ ही पर्यटन प्रोत्साहन गतिविधियों और आयोजनों को आधुनिक स्वरूप देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में एस्ट्रो टूरिज्म की संभावनाओं पर विशेष चर्चा हुई।

विशेषज्ञ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार राजस्थान का स्वच्छ आकाश और न्यूनतम प्रकाश प्रदूषण इसे विश्व का श्रेष्ठ स्टारगेजिंग डेस्टिनेशन बना सकता है। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों को “डार्क स्काई रिजर्व” घोषित करने और माउंट आबू में ऑब्जर्वेटरी टूरिज्म शुरू करने पर विचार-विमर्श किया गया।

दिया कुमारी ने कहा कि जैसलमेर और बाड़मेर क्षेत्र को दुबई की तर्ज पर वर्ल्ड क्लास डेजर्ट एडवेंचर हब के रूप में विकसित करने की कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर बल देते हुए एआई आधारित टूरिज्म ऐप विकसित करने के निर्देश भी दिए।

उपमुख्यमंत्री ने 18 नवंबर 2027 को जयपुर स्थापना के 300 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वर्षभर उत्सव आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने जयपुर वॉल सिटी और शेखावाटी की हवेलियों में पारंपरिक फ्रेस्को पेंटिंग के जरिए सौंदर्यकरण कार्य करवाने पर भी चर्चा की। बैठक में उदयपुर में वेडिंग प्रोमोशन इवेंट और घूमर फेस्टिवल आयोजित करने, मेड़ता स्थित मीराबाई मंदिर के विकास कार्य तथा राजसमंद, माउंट आबू, उदयपुर, जवाई और कुंभलगढ़ को “पिक योर समर एस्केप” थीम के तहत विकसित करने पर भी विचार किया गया।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इनोवेशन, समयबद्ध क्रियान्वयन और आधुनिक सोच के साथ कार्य कर राजस्थान पर्यटन को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story