जयपुर सहित चार शहरों में बारिश, अलवर,कोटपुतली-बहरोड़ में गिरे ओले

WhatsApp Channel Join Now
जयपुर सहित चार शहरों में बारिश, अलवर,कोटपुतली-बहरोड़ में गिरे ओले


जयपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई शहरों का मौसम बदला नजर आया। शुक्रवार को जयपुर सहित चार शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं अलवर, कोटपुतली-बहरोड़ में ओले गिरे। विक्षोभ के प्रभाव से 24 अक्टूबर को भी बीकानेर व जयपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किलाेमीटर प्रतिघंटा के साथ हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद आगामी चार-पांच दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के 14 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। डबोक और माउंट आबू का रात का पारा 15 डिग्री से नीचे रहा। अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, अलवर, पिलानी, सीकर, कोटा, सिरोही, फतेहपुर, करौली, प्रतापगढ़ सहित अन्य कुछ शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से नीचे रहा। 38.8 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 25 डिग्री के साथ जालौर की रात सबसे गर्म रही। गुरुवार देर शाम जैसलमेर के कई इलाकों में बादल छाए और बूंदाबांदी हुई। फलोदी के आसपास भी आसमान में बादल छाए। अलवर में मकान मालिक के ऊपर गिरा टीनशेड अलवर शहर में शुक्रवार को तेज तूफान और बारिश से विश्वकर्मा कॉलोनी में तिजारा फाटक के पास एक मकान पर लगा टीन शेड उड़कर मकान मालिक विकलांग जसवीर सिंह पर गिर गया। जसवीर के सिर और पैर में चोट आई है। हादसे के समय जसवीर की पत्नी बलविंदर कौर फैक्ट्री में मजदूरी के लिए गई थी। दोनों बच्चे स्कूल गए थे। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर में दोपहर 2 बजे बाद बारिश का दौर शुरू हुआ। इस दौरान कानूगोवाली सहित आसपास के क्षेत्र में 10 मिनट तक ओले भी गिरे। वहीं बारिश का दौर आधे घंटे तक चला।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार को बीकानेर, जयपुर संभाग के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की मध्यम बारिश दर्ज की गई। विक्षोभ के प्रभाव से 24 अक्टूबर को भी बीकानेर व जयपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाओं 30-40 किमीप्रतिघंटा के साथ हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना है। 25 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश भागों में आगामी तीन-चार दिन मौसम शुष्क रहेगा। गुरुवार को बीकानेर जिले में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई व राज्य के शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। सर्वाधिक बारिश बीकानेर में 4.4 मिमी दर्ज की गई।

जयपुर में शुक्रवार को दिनभर छितराए बादल छाए रहे और हल्की उमस रही। दोपहर बाद जयपुर में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। बादल छाए रहने और हल्की धूप से जयपुर के दिन के पारे में 0.2 और रात के पारे में 1.5 डिग्री का उछाल देखा गया। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री दर्ज किया गया। इस साल कम बारिश और अलनीनो के असर के चलते अक्टूबर के महीने के 22 दिन बीत चुके हैं, लेकिन राजधानी में अभी सर्दी गायब है। इन 22 दिन में केवल 1 बार पारा 20 डिग्री से नीचे आया, जबकि 21 दिन 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। अगर हम पिछले 10 साल में न्यूनतम तापमान से तुलना करे तो इस बार अक्टूबर सबसे गर्म है। सिर्फ एक बार 16 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो गई थी, वहीं पिछले सालों में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में पारा 15 डिग्री तक पहुंच जाता था। रात के तापमान में गिरावट की रफ्तार धीमी रहने से अभी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली है। दिन में गर्मी का अहसास है, रात में हल्की सर्दी। पारे की धीमी गिरावट से लग रहा है कि गर्मी अभी और सताएगी। अक्टूबर में पारा- इस माह अधिकांश दिनों में दिन का तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि रात का 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story