बारिश की बेरुखी से 50 प्रतिशत फसलें सूखीं, किसान संघ ने कहा : 4-5 दिन में वर्षा नहीं हुई तो पूरी फसलें हो जाएंगी नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
बारिश की बेरुखी से 50 प्रतिशत फसलें सूखीं, किसान संघ ने कहा : 4-5 दिन में वर्षा नहीं हुई तो पूरी फसलें हो जाएंगी नष्ट


डूंगरपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। जिले में लंबे समय से बारिश न होने के कारण सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जिससे अन्नदाता गहरे संकट में है। बारिश की कमी से डूंगरपुर जिले में किसानों की मुख्य फसलें सोयाबीन, मक्का, धान और उड़द पानी के बिना लगभग 50 प्रतिशत तक सूख चुकी हैं। स्थिति यह है कि पौधों में फूल और बीज बनने की प्राकृतिक वृद्धि पूरी तरह रुक गई है। यदि आगामी चार से पांच दिनों में क्षेत्र में तेज बारिश नहीं होती है, तो किसानों की बची-कुची फसलें भी पूरी तरह नष्ट हो जाएंगी।

खेती पर मंडराते इस संकट को देखते हुए भारतीय किसान संघ हरकत में आ गया है। फसलों के वास्तविक नुकसान का सही आंकलन कराने और किसानों को राहत दिलाने की मांग को लेकर किसान संघ के प्रतिनिधियों ने मोर्चा संभाल लिया है। भारतीय किसान संघ, तहसील गलियाकोट एवं सीमलवाड़ा के पदाधिकारियों ने संबंधित तहसीलदारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में किसान प्रतिनिधियों ने धरातल पर हुए नुकसान की निष्पक्ष और सटीक गिरदावरी करवाकर इसकी रिपोर्ट तुरंत राज्य सरकार तक पहुंचाने की मांग की, ताकि प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा मिल सके। बैठक के पश्चात दोनों तहसीलदारों को इस संबंध में औपचारिक ज्ञापन भी सौंपा गया।

भारतीय किसान संघ के नेता लल्लुराम ने स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि जिले का किसान इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हक की लड़ाई को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। गलियाकोट और सीमलवाड़ा के बाद अब आने वाले दिनों में जिले की अन्य सभी तहसीलों में भी किसान संघ की ओर से तहसीलदारों व प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा, ताकि पूरे जिले के पीड़ित किसानों की आवाज सरकार तक पहुंचाई जा सके। क्षेत्र के किसानों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अविलंब गिरदावरी के आदेश जारी किए जाएं और राहत उपाय शुरू किए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story