डूंगर कॉलेज की छात्रा प्रियंशी स्वामी ने राजस्थान जूनियर स्टेट तीरंदाजी चैंपियनशिप में जीता पदक

WhatsApp Channel Join Now
डूंगर कॉलेज की छात्रा प्रियंशी स्वामी ने राजस्थान जूनियर स्टेट तीरंदाजी चैंपियनशिप में जीता पदक


बीकानेर, 13 सितंबर (हि.स.)। राजकीय डूंगर महाविद्यालय की बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा प्रियंशी स्वामी ने तीरंदाजी के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। हाल ही में आयोजित राजस्थान जूनियर स्टेट तीरंदाजी चैंपियनशिप की मिक्स टीम स्पर्धा में प्रियंशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया।

प्रियंशी स्वामी कला संकाय में इतिहास, भूगोल एवं राजनीति विज्ञान विषयों का अध्ययन कर रही हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल उनकी खेल प्रतिभा और मेहनत को प्रदर्शित किया, बल्कि महाविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रोत्साहन को भी रेखांकित किया है।

प्रियंशी की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर राजकीय डूंगर महाविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. राजेंद्र पुराेहित ने प्रियंशी स्वामी को उनकी शानदार सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों का खेल एवं अकादमिक दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने प्रियंशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राष्ट्रीय एवं अन्य उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.राजेंद्र पुरोहित, खेल प्रभारी डॉ.कैलाश स्वामी एवं डॉ. श्यामा अग्रवाल तथा संकाय सदस्यों ने प्रियंशी स्वामी को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story