झुंझुनू में स्कूटी सवार दंपती को डंपर ने कुचला पत्नी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
झुंझुनू में स्कूटी सवार दंपती को डंपर ने कुचला पत्नी की मौत


झुंझुनू, 20 मई (हि.स.)। झुंझुनू जिले में एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई और पति की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे जयपुर रेफर किया गया है। युवक पत्नी को एग्जाम दिलाने जा रहा था। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसा झुंझुनू शहर में कोतवाली थाना इलाके के गोलाई मोड़ पंचदेव मंदिर के आगे इंडाली बाइपास पर बुधवार सुबह साढ़े ग्यारह बजे हुआ।

कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि हादसे में पूजा मेघवाल (24) की मौत हो गई है। जबकि मनजीत मेघवाल (29) की गंभीर हालत बनी हुई है। पुलिस के अनुसार पूजा झुंझुनू के राजस्थान कॉलेज से बीएड कर रही थी। बुधवार को उसका एग्जाम था। सुबह वह पति मनजीत के साथ सोलाना से निकली थी। दोनों स्कूटी पर थे। इसी दौरान इंडाली गेट के पास गोलाई मोड़ पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पति-पत्नी को टक्कर मार दी। अचानक सामने से आए डंपर ने स्कूटी को टक्कर मार दी। डंपर पूजा के कमर से ऊपर के हिस्से को कुचलते हुए निकल गया। वहीं युवक उछलकर दूर जा गिरा।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मिले मोबाइल से युवक के घर पर कॉल किया और उन्हें हादसे के बारे में बताया। परिजनों ने बताया कि पूजा एग्जाम के चलते 3 महीने के मासूम बेटे को घर पर ही छोड़कर गई थी। मनजीत के पिता की मौत हो चुकी है। घर पर बच्चे के साथ उसकी मां थी। मनजीत की दो बहनें भी हैं जिनकी शादी हो चुकी है। मनजीत पेट्रोल पंप पर सेल्समेन है। हादसे के बाद मेघवाल समाज के लोग बीडीके अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर इकट्ठा हुए। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने तक शव लेने से इनकार कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश

Share this story