ई-फार्मेसी और नीतिगत बदलावों के विरोध में बीस मई को बंद रहेंगी दवा दुकानें

WhatsApp Channel Join Now
 ई-फार्मेसी और नीतिगत बदलावों के विरोध में बीस मई को बंद रहेंगी दवा दुकानें


जयपुर, 18 मई (हि.स.)। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (एआईओसीडी) के आह्वान पर राजस्थान केमिस्ट एलायंस (आरसीए) के सहयोग से 20 मई (बुधवार) को देशभर में केमिस्ट एवं दवा विक्रेताओं का बंद आयोजित किया जाएगा। जयपुर में राजस्थान केमिस्ट एलायंस के अध्यक्ष एवं एआईओसीडी के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बताया कि यह बंद केवल व्यापारिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है।

उन्होंने कहा कि रिटेल केमिस्ट आमजन तक सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और समय पर दवाइयां पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन ई-फार्मेसी के अनियंत्रित विस्तार और नीतिगत असंतुलन के कारण छोटे एवं मध्यम दवा विक्रेताओं के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो गया है। संगठन ने अवैध ई-फार्मेसी पर सख्त कार्रवाई करने तथा जीएसआर 817(ई) और जीएसआर 220(ई) अधिसूचनाओं को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

अरविंद गुप्ता ने स्पष्ट किया कि बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा तथा आपातकालीन दवा सेवाएं जारी रहेंगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य सरकार का ध्यान केमिस्ट समुदाय की वास्तविक समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने प्रदेश और देशभर के केमिस्ट एवं रिटेलर साथियों से बंद का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि संगठन लगातार केमिस्ट हितों के लिए कार्य कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story