पारे में आया उतार-चढ़ाव, माउंट आबू तीन डिग्री पर

WhatsApp Channel Join Now
पारे में आया उतार-चढ़ाव, माउंट आबू तीन डिग्री पर


जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश के पारे में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिल रहा है। प्रदेश के छह शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। हिल स्टेशन माउंट आबू प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा शेखावाटी और उसके आस-पास के शहरों में भी तेज सर्दी देखने को मिली। जयपुर के रात के पारे में भी एक डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार रात को माउंट आबू का तापमान 3 डिग्री के करीब रहा। तेज सर्दी के कारण यहां रात में ओस की बूंद जम रही हैं, जबकि सुबह-शाम गलन वाली सर्दी पडऩी शुरू हो गई। इसके अलावा फतेहपुर का 4.6, सीकर का 7, नागौर का 8, चूरू का 8.9 और वनस्थली का रात का पारा 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। 31.5 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 15.9 डिग्री के साथ जालोर की रात सबसे गर्म रही।

शेखावाटी के सीकर, फतेहपुर, नागौर के एरिया में भी लगातार कुछ दिनों से रात में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। इससे यहां भी रात में कड़ाके की सर्दी का शुरू हो गई। मौसम विभाग ने राज्य में अगले एक सप्ताह आसमान साफ रहने और सर्द हवा चलने से इसी तरह की सर्दी पडऩे का अनुमान जताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story