साठ किमी प्रति घंटा से अधिक औसत गति से 8 क्रैक मालगाड़ियों के सफल संचालन पर डीआरएम ने प्रदान किए गतिशीलता पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
साठ किमी प्रति घंटा से अधिक औसत गति से 8 क्रैक मालगाड़ियों के सफल संचालन पर डीआरएम ने प्रदान किए गतिशीलता पुरस्कार


काेटा, 08 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में गंगापुर सिटी-रतलाम खण्ड पर क्रैक मालगाड़ियों के तेज, सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 34 रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने आज डीआरएम कार्यालय स्थित सभागार में गतिशीलता पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि फरवरी 2026 के दौरान परिचालन विभाग द्वारा संचालित 8 क्रैक मालगाड़ियों ने इस खण्ड पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की औसत गति प्राप्त की। गंगापुर सिटी से नागदा के मध्य इन गाड़ियों का औसत परिचालन समय लगभग 6 घंटे रहा, जो मालगाड़ी संचालन की दक्षता का परिचायक है।

उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि में खण्ड नियंत्रकों द्वारा प्रभावी पाथ निर्धारण एवं परिचालन योजना के साथ लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर के समन्वित एवं सुरक्षित संचालन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। परिणामस्वरूप मालगाड़ियों का समयबद्ध एवं निर्बाध संचालन सुनिश्चित हुआ। इस उपलब्धि के लिए 7 सहायक गाड़ी नियंत्रक, 4 मुख्य गाड़ी नियंत्रक तथा 23 लोको पायलट, सहायक लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर सहित कुल 34 रेलकर्मियों को गतिशीलता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक योगेश कुमार मित्तल, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार मीना, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजीत सिंह चौहान सहित अन्य शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।

कोटा मंडल सुरक्षित, समयबद्ध एवं दक्ष रेल संचालन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्यरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story