कोटा ने किया कोटा–गंगापुर सिटी रेलखंड का निरीक्षण
कोटा, 05 जुलाई (हि.स.)। मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने रविवार को लगातार हो रही बारिश के बीच कोटा–गंगापुर सिटी रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रावंजना डूंगर एवं गंगापुर सिटी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्थाओं तथा आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वाणिज्य, परिचालन, रेल पथ, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत सामान्य तथा टीआरडी विभाग के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उनके साथ उपस्थित रहे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी सौरभ जैन ने बताया कि गंगापुर सिटी क्षेत्र में लगातार वर्षा होने के बावजूद मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया तथा यार्ड में स्थित प्वाइंट्स एवं क्रॉसिंग का गहन निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया। उन्होंने वर्षा के दौरान रेल संचालन को सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रबंधों की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कालरा ने गंगापुर सिटी स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रगति पर चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन करते हुए उनकी गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून के दौरान रेल पथ, स्टेशन परिसर एवं अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

