लाइव करते हुए 195 की रफ्तार में दौड़ा रहा था एसयूवी, डंपर में घुसते ही मौत
टोंक, 15 सितंबर (हि.स.)। जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला। दूनी थाना क्षेत्र के पोल्याडा गांव के पास तेज रफ्तार एसयूवी आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार मालिक की मौत हो गई। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार चालक के फेसबुक लाइव करने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को मालपुरा के जनकपुरा टोरड़ी निवासी राजाराम जाट (41) पुत्र जगदीश जाट किसी काम से देवली आया था। काम पूरा करने के बाद वह एसयूवी से वापस लौट रहा था। इसी दौरान उसने सोशल मीडिया पर लाइव शुरू किया था। बताया गया कि कार की रफ्तार 195 किलोमीटर प्रति घंटे को भी पार कर गई।
पोल्याडा गांव के पास आगे चल रहे डंपर में एसयूवी जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। डंपर के पीछे के टायर भी फट गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल राजाराम को दूनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने दोनों वाहनों को पोल्याडा चौकी में खड़ा करवाया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। राजाराम खेती करता था और उसके पास करीब 300 बीघा जमीन बताई गई है। उसके दो बेटे हैं, जिनमें से एक एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। परिवार के लिए यह हादसा गहरा सदमा लेकर आया है।
राजाराम ने करीब दो महीने पहले ही एसयूवी खरीदी थी। इसी दौरान उसका छोटे भाई देवीलाल से बंटवारा भी हुआ था। राजाराम पंचायत चुनाव में सरपंच पद पर खड़ा होने की तैयारी कर रहा था। भविष्य को लेकर देखे जा रहे सपने एक सड़क हादसे में बिखर गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

