जयपुर जिले में निर्वाचक नामावलियों का प्रारूप प्रकाशन, 27 अप्रैल तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित
जयपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार जयपुर जिले की नगर परिषद चौमू सहित सांभर, चाकसू, जोबनेर, फुलेरा, किशनगढ़ रेनवाल एवं बगरू की निर्वाचक नामावलियों का सोमवार को प्रारूप प्रकाशन कर दिया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची पर 13 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को संबंधित वार्डों के मतदान केंद्रों पर वार्ड सभाएं आयोजित कर निर्वाचक नामावलियों का पठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तिथियों पर पदाभिहित अधिकारी सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियों से संबंधित आवेदन प्राप्त करेंगे।
मेघराज मीणा ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां निर्धारित प्रारूप 3, 5 और 6 में प्रस्तुत करनी होंगी। प्राप्त आवेदनों का विवरण प्रारूप 8, 9 और 10 में तैयार कर प्रतिदिन कार्यालय के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 3 मई 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 8 मई 2026 को किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपने नामों का सत्यापन कर आवश्यक संशोधन हेतु आवेदन अवश्य करें, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से वंचित न रह जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

