एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ डॉ. सौरभ त्रिवेदी का नाम
भारत के सबसे युवा रोबोटिक सर्जन बनने पर सम्मानित
जोधपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। चिकित्सा जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण उस समय आया, जब विनायका हॉस्पिटल के युवा सर्जन डॉ. सौरभ त्रिवेदी का नाम एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भारत के सबसे युवा रोबोटिक सर्जन के रूप में दर्ज किया गया। इस उपलब्धि के साथ डॉ. त्रिवेदी पश्चिमी राजस्थान के उन चुनिंदा चिकित्सकों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहचान बनाई है।
इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में डॉ. सम्पूर्णानंद मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएस जोधा, विनायका हॉस्पिटल के निदेशक एवं वरिष्ठ मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर के प्रोफेसर एवं इकाई प्रमुख डॉ. रामकरण चौधरी तथा एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के निर्णायक डॉ. भुवनेश माथुरिया सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह में डॉ. सौरभ त्रिवेदी को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

