शिकार करने पहुंची लेपर्ड पर कुत्ता पड़ा भारी, जान बचाकर भागी
पाली, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बाली क्षेत्र स्थित जवाई लेपर्ड इलाके में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां शिकार करने पहुंची मादा लेपर्ड को कुत्ते के सामने उल्टे पांव भागना पड़ा। यह पूरा घटनाक्रम चार अप्रैल का बताया जा रहा है, जिसकी जानकारी अब सामने आई है।
हिल रेस्ट एरिया में सुबह मादा लेपर्ड ने एक बकरे का शिकार किया था। शाम को जब वह अपने शिकार को लेने वापस लौटी, तब वहां तीन कुत्ते मौजूद थे। जैसे ही लेपर्ड ने मौका देखा, उसने झपट्टा मारकर एक कुत्ते को दबोच लिया। कुछ देर तक दोनों के बीच जोरदार संघर्ष चला। लेपर्ड कुत्ते को मुंह से पकड़कर घसीट रही थी, लेकिन तभी कुत्ते ने पलटवार करते हुए लेपर्ड को जमीन पर गिरा दिया। अचानक हुए इस पलटवार से घबराकर लेपर्ड ने शिकार छोड़ दिया और तेजी से जंगल की ओर भाग निकली।
वन विभाग के अनुसार, वीडियो में दिख रही मादा लेपर्ड को स्थानीय स्तर पर F2 नाम दिया गया है। वह अपने पहले किए गए शिकार को लेने आई थी, लेकिन कुत्तों की मौजूदगी के कारण स्थिति बदल गई। गौरतलब है कि जवाई क्षेत्र देशभर में लेपर्ड की बड़ी संख्या के लिए जाना जाता है। यहां करीब 20 गांवों में 50 से अधिक लेपर्ड परिवार रहते हैं और इनका आवास अक्सर मानव बस्तियों के आसपास ही होता है।
पिछले कुछ वर्षों में जवाई लेपर्ड सफारी देश का प्रमुख पर्यटन केंद्र बनकर उभरा है। यहां लेपर्ड सफारी के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। कई प्रसिद्ध हस्तियां भी इस क्षेत्र का दौरा कर चुकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

