दीया कुमारी ने लाडनूं में विकसित भारत-जन सेवा अभियान शिविर का निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now
दीया कुमारी ने लाडनूं में विकसित भारत-जन सेवा अभियान शिविर का निरीक्षण किया


जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बुधवार को डीडवाना-कुचामन जिले के लाडनूं दौरे के दौरान पंचायत समिति परिसर में आयोजित ‘विकसित भारत-जन सेवा अभियान’ के विशेष शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने शिविर में महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और मंगला पशु बीमा योजना के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और ग्रामीणों से योजनाओं के बारे में संवाद किया तथा पात्र लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।

दीया कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के माध्यम से गांवों और ढाणियों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले किसी भी व्यक्ति को परेशानी नहीं हो और लोगों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story