दीपावली पर बीकानेर रेंज के चार जिलों में कड़ी रहेगी पुलिस सुरक्षा, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर बीकानेर रेंज के चार जिलों में कड़ी रहेगी पुलिस सुरक्षा, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी


बीकानेर, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा के लिए बीकानेर रेंज के चार जिलों में पुलिस ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है। महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश के निर्देश पर बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू और श्रीगंगानगर में बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के साथ असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने रेंज के सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधिकारियों को दीपावली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख बाजारों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और पेट्रोलिंग की जा रही है।

पुलिस की ओर से आदतन अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पटाखों की बिक्री और उपयोग को लेकर जारी सरकारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए भी जिला पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों और थानाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था पर निगरानी रखने को कहा गया है।

बीकानेर रेंज पुलिस ने चारों जिलों के आमजन से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, यातायात नियमों की पालना करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है। पुलिस ने सुरक्षित और सतर्क रहते हुए दूसरों की खुशियों का ध्यान रखने की अपील भी की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story