मन की बात के सदस्यों ने आश्रम के बच्चों के साथ मनाया दीपावली स्नेह मिलन
बीकानेर, 07 नवंबर (हि.स.)। सोशल मीडिया समूह ‘मन की बात’ के सदस्यों की ओर से आज व्यास कॉलोनी स्थित कैफे बड़ी एक्सप्रेसो में आश्रम के बच्चों के साथ दीपावली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आश्रम के बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करना, उनके चेहरों पर मुस्कान लाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए स्नेह और अपनत्व का संदेश देना था।
कार्यक्रम में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भारतीय जनता पार्टी की विधायक सिद्धि कुमारी, अंतरराष्ट्रीय ज्योतिष आचार्य राजेंद्र कुमार व्यास (ममू महाराज), डॉ. मोहित बंसल, कॉमेडियन मुकेश सोनी एवं उनकी टीम सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सिद्धि कुमारी द्वारा मां लक्ष्मी एवं भगवान श्रीगणेश के विधिवत पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर आश्रम के बच्चों ने नृत्य के माध्यम से भगवान श्रीगणपति की आराधना प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।
समारोह के दौरान सभी अतिथियों एवं बच्चों ने मिलकर मिल्क केक का केक काटा तथा फुलझड़ियां जलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। बच्चों के साथ हंसी-खुशी के इन पलों में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा, प्रगति एवं खुशहाल जीवन की मंगलकामना की। जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ समय बिताया और उन्हें प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के आयोजक दिनेश गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित साथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के आयोजन में कैफे बड़ी एक्सप्रेसो के संचालक लोकेश गहलोत का भी विशेष सहयोग रहा। उन्होंने भी सभी अतिथियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
आश्रम के बच्चों के साथ आयोजित यह दीपावली स्नेह मिलन समारोह प्रेम, सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं सेवा भावना का सुंदर उदाहरण बना। बच्चों की मुस्कान और अतिथियों के स्नेहिल साथ के बीच कार्यक्रम का समापन खुशियों एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

