दीपावली पर आतिशबाजी से 112 लोग घायल होकर पहुंचे एसएमएस अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर आतिशबाजी से 112 लोग घायल होकर पहुंचे एसएमएस अस्पताल


जयपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर आतिशबाजी का उत्साह कई लोगों के लिए हादसे में बदल गया। पटाखों से आगजनी और झुलसने के साथ आंखों में चोट लगने की घटनाएं भी सामने आईं। राजधानी के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल की इमरजेंसी में दीपावली के दौरान आतिशबाजी से घायल होकर कुल 112 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें 51 मरीज जलने से झुलसे, जबकि 61 मरीजों की आंखों में चोट आई। गंभीर स्थिति को देखते हुए 13 झुलसे मरीजों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। वहीं, आंखों में चोट लगने वाले 11 मरीजों को भी भर्ती कर उपचार दिया गया। जयपुरिया अस्पताल में भी पटाखों से झुलसने के करीब 20 मामले सामने आए।

एसएमएस अस्पताल के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आरके जैन ने बताया कि आतिशबाजी से घायल कुल 112 मरीज इमरजेंसी में पहुंचे। इनमें 51 मरीज जलने और 61 मरीज आंखों में चोट लगने के कारण उपचार के लिए आए। जलने से गंभीर रूप से घायल 13 मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि आंखों में चोट वाले 11 मरीजों को भी अस्पताल में भर्ती कर इलाज दिया गया।

दीपावली के दौरान संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं और बर्न यूनिट को अलर्ट मोड पर रखा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और चिकित्सक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए थे। जयपुर के एसएमएस अस्पताल में 6 से 11 नवंबर तक विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी, नेत्र, न्यूरोसर्जरी और निश्चेतना विभाग से एक-एक सहायक आचार्य अथवा वरिष्ठ रेजिडेंट को 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं में तैनात रखने के निर्देश दिए गए थे। बर्न मरीजों के लिए वार्ड आरक्षित रखने और आने वाले मरीजों का अलग से रिकॉर्ड संधारित करने की व्यवस्था भी की गई।

चिकित्सा मंत्री ने दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं से जुड़े चिकित्सा कर्मियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश दिए थे। अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा संसाधनों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ट्रॉमा एवं अस्थि रोग संस्थान को भी अलर्ट रहने को कहा गया था।

मंत्री ने निर्देश दिए थे कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े चिकित्सक और अन्य चिकित्सा कर्मी ड्यूटी पर उपलब्ध रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774470 Articles

Share this story