डिस्टर्ब एरिया बिल के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now
डिस्टर्ब एरिया बिल के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन का ऐलान


जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा में पारित डिस्टर्ब एरिया बिल को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताते हुए इसके खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर इस बिल को समाप्त कर दिया जाएगा।

इधर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एमडी चोपदार ने कहा कि भाजपा सरकार ने बहुमत के आधार पर यह बिल पारित कराया है, लेकिन कांग्रेस इसे संविधान विरोधी मानती है और इसका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बिल समाज में भाईचारा खत्म करने और हिंदू-मुस्लिम के बीच खाई बढ़ाने का प्रयास है।

चोपदार ने कहा कि कांग्रेस इस बिल के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेगी। पार्टी की लीगल टीम बिल का अध्ययन कर रही है और आपत्तिजनक प्रावधानों को लेकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल के जरिए सरकार कुछ उद्योगपतियों और बिल्डरों को फायदा पहुंचाना चाहती है।

उन्होंने बताया कि रमजान के बाद प्रदेशभर में इस बिल के विरोध में धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे और जिलों में कलेक्टरों के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर बिल वापस लेने की मांग की जाएगी। चोपदार ने राज्य सरकार पर अल्पसंख्यक विरोधी होने का आरोप भी लगाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story