कोटपूतली–बहरोड़ में जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र शुरू, स्टेडियम निर्माण की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
कोटपूतली–बहरोड़ में जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र शुरू, स्टेडियम निर्माण की तैयारी


जयपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। युवा मामले और खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि नवगठित जिला कोटपूतली–बहरोड़ में एक फरवरी से जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र का संचालन शुरू कर दिया गया है। फिलहाल, यह केन्द्र महात्मा गांधी विद्यालय, बहरोड़ परिसर में संचालित किया जा रहा है।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक डॉ. जसवंत सिंह के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए मंत्री ने साफ किया कि स्टेडियम निर्माण भूमि की उपलब्धता और बजट प्रावधानों के अनुसार कराया जाएगा। इसके लिए जिला कलेक्टर को भूमि आवंटन संबंधी पत्र भी भेजा जा चुका है।

खेल मंत्री ने सदन को बताया कि जिला, तहसील और पंचायत स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए तय मापदंडों के अनुसार उन्हीं स्थानों को प्राथमिकता दी जाती है, जहां विधायक या सांसद कोटे से निःशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाती है। इससे खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से विकसित किया जा सकेगा।

मंत्री ने जानकारी दी कि एल.बी.एस. राजकीय महाविद्यालय कोटपूतली में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से केंद्र सरकार के सहयोग से इंडोर हॉल के साथ बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल और एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण किया गया है।

इस इंडोर हॉल में फिलहाल कुश्ती और बैडमिंटन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां कुश्ती के लिए तीन और एथलेटिक्स के लिए एक प्रशिक्षक की व्यवस्था की गई है।

विधायक डॉ. जसवंत सिंह के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि जिले में खेल गतिविधियों के सुचारु संचालन के लिए जिला मुख्यालय पर जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किए जाते हैं।

समन्वित स्टेडियम विकास कार्ययोजना–2015 के तहत जिला स्तर पर स्टेडियम निर्माण के लिए 8.68 हेक्टेयर भूमि अनिवार्य है। इसके साथ ही 400 मीटर एथलेटिक ट्रैक, फुटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, टेनिस, खो-खो, कबड्डी मैदान, इंडोर स्टेडियम, कार्यालय भवन, दर्शक दीर्घा, जिम्नेजियम, 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाली सिंथेटिक कवर रूफ गैलरी और लाइट व्यवस्था जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story