जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बस्सी, चाकसू और कानोता में चुनावी तैयारियों का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बस्सी, चाकसू और कानोता में चुनावी तैयारियों का लिया जायजा


जयपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर संदेश नायक ने बस्सी, चाकसू और कानोता मतदान क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली, पेयजल, परिवहन, मतदान सामग्री के रखरखाव सहित चुनाव से जुड़ी तैयारियों का व्यापक निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने फील्ड विजिट के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ विशेष योग्यजन मतदाताओं के लिए सुगम एवं सुविधायुक्त मतदान व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

संदेश नायक ने बस्सी के डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी कॉलेज एवं महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक कॉलेज में स्थापित स्ट्रॉन्ग रूम का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, मतदान सामग्री के सुरक्षित रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही मतगणना कक्षों की तैयारियों की भी जानकारी ली।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान दलों और मतदान सामग्री के सुचारू परिवहन तथा सुरक्षित आवागमन को लेकर भी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ ही मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम दीपक खटाना, एसीएम बस्सी, बस्सी व कानोता थानाधिकारी, उप पंजीयक बस्सी सहित चाकसू क्षेत्र के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को चुनाव तैयारियों की प्रगति और क्षेत्र में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story