गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद, ट्रैफिक सीओ ने वकील को मारा थप्पड़; सड़क पर उतरे वकील

WhatsApp Channel Join Now
गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद, ट्रैफिक सीओ ने वकील को मारा थप्पड़; सड़क पर उतरे वकील


अजमेर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के किशनगढ़ में सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने को लेकर ट्रैफिक सीओ अंजू यादव और अधिवक्ता बाबूलाल बागरिया के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान महिला अधिकारी ने अधिवक्ता को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और बार एसोसिएशन के अधिवक्ता विरोध में सड़क पर उतर आए।

वकीलों ने मुख्य बाजार में जाम लगाकर प्रदर्शन किया तथा संबंधित अधिकारी को निलंबित करने और कार्रवाई की मांग की। करीब तीन घंटे तक चले विरोध के बाद सीओ सिटी धर्मराज चौधरी की समझाइश पर धरना समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।

मामला मदनगंज थाना क्षेत्र के सिटी रोड का है। अधिवक्ता बाबूलाल बागरिया मुख्य बाजार में सब्जी लेने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की और सब्जी मंडी चले गए। कुछ देर बाद पुलिस का फोन आने पर वे वापस गाड़ी के पास पहुंचे। यहां मौजूद ट्रैफिक सीओ अंजू यादव ने उनसे गाड़ी खड़ी करने को लेकर सवाल किया।

अधिवक्ता बाबूलाल के अनुसार, उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में इस तरह गाड़ी नहीं खड़ी करने की बात कही। उनका आरोप है कि इसके बावजूद उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, गाड़ी की चाबी ले ली गई और उन्हें धमकी भी दी गई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि ट्रैफिक सीओ ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और तूल पकड़ गया।

घटना की जानकारी फैलते ही बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में वकील मुख्य बाजार में एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिवक्ताओं ने संबंधित पुलिस अधिकारी को निलंबित करने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान वकील सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हुआ। मौके पर सीओ सिटी धर्मराज चौधरी सहित तीन थानों का पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अधिवक्ताओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

विरोध प्रदर्शन के चलते बाजार में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सीओ सिटी धर्मराज चौधरी ने बताया कि बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से बातचीत के बाद रात करीब 10:30 बजे धरना समाप्त करवा दिया गया। इसके बाद बाजार में यातायात फिर से शुरू कराया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story