ट्रेन में बारातियों को सीट नहीं मिली तो दूल्हे ने निकाली तलवार

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन में बारातियों को सीट नहीं मिली तो दूल्हे ने निकाली तलवार


जोधपुर, 19 जून (हि.स.)। बांद्रा टर्मिनस-जोधपुर सूर्यनगरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट को लेकर हंगामा हो गया। यात्रियों के बीच सीट को लेकर विवाद ऐसा बढ़ा कि ट्रेन में सवार दूल्हे ने तलवार निकाल दी। विवाद की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। घटना गुरुवार मध्यरात्रि 2.30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार जनरल डिब्बे में एक दूल्हा और उसके साथ बाराती सवार थे। दूल्हे की बारात जोधपुर जा रही थी। तभी बारात के कुछ लोग सीट को लेकर अन्य यात्रियों से उलझ गए। एक अन्य यात्री ने रेलवे अधिकारियों को तलवार लहराने की सूचना दी। फालना रेलवे स्टेशन से सूचना मिलने पर मारवाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम को सतर्क किया गया।

ट्रेन के मारवाड़ जंक्शन पहुंचते ही आरपीएफ जवान कोच में पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। आरपीएफ ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराया और उन्हें ट्रेन के अलग-अलग डिब्बों में शिफ्ट कर दिया। अधिकारियों ने दूल्हे के पास मौजूद तलवार की भी जांच की। घटना के संबंध में न तो कोई मामला दर्ज किया गया है और न ही किसी व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। समझाइश के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। आरपीएफ के सीआई मनिहारी लाल ने बताया कि तलवार लहराने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। बाराती जनरल कोच मे चढ़ गए थे और सीट को लेकर विवाद हो गया। दूल्हे के पास तलवार मौजूद थी। जब जांच की तो पता चला कि वो धारदार नहीं, बल्कि सजावटी किस्म थी। समझाइश कर शांत किया और ट्रेन को रवाना किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Share this story