आरआईसी में भारत–ऑस्ट्रेलिया ऊर्जा सुरक्षा सहयोग पर चर्चा
जयपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) एवं कट्स इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में “हिंद-प्रशांत क्षेत्र की मजबूती के लिए भारत–ऑस्ट्रेलिया ऊर्जा सुरक्षा गलियारा” विषय पर एक विचार-विमर्श का आयोजन किया गया।
चर्चा में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आपसी सहयोग पर विचार किया गया। वक्ताओं ने महत्वपूर्ण खनिजों (क्रिटिकल मिनरल्स), स्वच्छ ऊर्जा और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही जापान और सिंगापुर जैसे देशों के साथ मिलकर क्षेत्र में ऊर्जा सुरक्षा और सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में लिसा सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, ऑस्ट्रेलिया इंडिया इंस्टीट्यूट, यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न तथा बिपुल चट्टोपाध्याय, कार्यकारी निदेशक, कट्स इंटरनेशनल ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप एस. मेहता, महासचिव, कट्स इंटरनेशनल ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मजबूत साझेदारी भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और बदलती वैश्विक परिस्थितियों का बेहतर ढंग से सामना करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में नीति सहयोग और निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने ऊर्जा सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग से जुड़े विषयों पर अपने प्रश्न और विचार रखे।
इस कार्यक्रम में आरआईसी के सदस्यों, नीति विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

