ट्रक की टक्कर से डिस्कॉम संविदाकर्मी की मौत, साथी गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
ट्रक की टक्कर से डिस्कॉम संविदाकर्मी की मौत, साथी गंभीर घायल


नागौेर, 30 मार्च (हि.स.)। डीडवाना-कुचामन जिले के मौलासर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में डिस्कॉम के एक संविदाकर्मी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा निमोद गांव के पास रणवा पेट्रोल पंप के निकट हुआ।

जानकारी के अनुसार, कुचामन निवासी 30 वर्षीय अंकित डिस्कॉम कार्यालय में संविदा पर कार्यरत था और बिजली के मीटर लगाने का काम करता था। सोमवार को वह अपने साथी मनीष के साथ स्कूटी से मौलासर गांव में मीटर लगाने जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही अंकित स्कूटी सहित ट्रक के नीचे आ गया, जबकि उसका साथी मनीष सड़क पर दूसरी ओर जा गिरा। ट्रक अंकित को कुचलते हुए आगे बढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि अंकित गंभीर रूप से कुचल गया।

घटना के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों ने दौड़कर ट्रक को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घायल मनीष को पहले मौलासर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कुचामन के सरकारी अस्पताल रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही मौलासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर मौलासर की मोर्चरी में रखवाया है तथा फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story