रामगंजमंडी क्षेत्र के 13 सरकारी विद्यालयों को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दिए 377 फर्नीचर सेट, नामांकन बढ़ाने पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
रामगंजमंडी क्षेत्र के 13 सरकारी विद्यालयों को शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने दिए 377 फर्नीचर सेट, नामांकन बढ़ाने पर दिया जोर


कोटा, 08 मई (हि.स.)। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने अपने विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी में सरकारी विद्यालयों के शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 13 राजकीय विद्यालयों को कुल 377 फर्नीचर सेट (टेबल-कुर्सी) भेंट किए। यह फर्नीचर वन विभाग की जनसहभागिता योजना के अंतर्गत वन मंडल कोटा द्वारा उपलब्ध करवाया गया।

कार्यक्रम में उपवन संरक्षक कोटा अपूर्व श्रीवास्तव के सौजन्य से विभिन्न विद्यालयों को फर्नीचर वितरित किया गया। शिक्षा मंत्री की उपस्थिति में ग्राम पंचायत कुकड़ा खुर्द के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मानपुरा को 40 सेट, मानपुर ढाणी को 20 सेट तथा जमुनिया बावड़ी विद्यालय को 20 सेट सौंपे गए।

क्षेत्रीय वन अधिकारी मनीष मीणा ने बताया कि वन विभाग की आरएफबीडीपी योजना के तहत रामगंजमंडी तहसील के उन गांवों के विद्यालयों को प्राथमिकता दी गई है, जो वन क्षेत्र के समीप स्थित हैं।

योजना के अंतर्गत कुल 377 फर्नीचर सेट वितरित किए गए।

फर्नीचर प्राप्त करने वाले विद्यालयों में जामुनिया, खरली बावड़ी, ढाणी मानपुरा, गुजरिया खेड़ी, मानपुरा, बंजारों का टांडा, झिरी, झीलरा, बड़ोदिया आंतरी, सलावद खुर्द, अरनिया, बाशियाहेड़ी और गोला शामिल हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक माहौल तैयार करना अध्यापकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी स्कूलों में हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है, जिसमें निशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म, छात्रवृत्ति, लैपटॉप, साइकिल, स्कूटी और अब गुणवत्तापूर्ण फर्नीचर भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि पहले बच्चे दरी-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते थे, लेकिन अब सरकारी विद्यालयों में सुविधाओं का स्तर लगातार सुधारा जा रहा है। ऐसे में शिक्षकों का दायित्व है कि वे बच्चों की शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाएं, अभिभावकों का विश्वास मजबूत करें और सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए सक्रिय प्रयास करें।

मंत्री ने बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों के नाखून, दांत और व्यक्तिगत स्वच्छता की नियमित जांच करें तथा बच्चों को प्रतिदिन साफ-सुथरे होकर विद्यालय आने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी रामचरण मीणा, रूप सिंह मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कृति मेहरोत्रा, भाजपा पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

इस पहल से क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Share this story